क्या स्विट्ज़रलैंड यात्रा पर गए है आप?

0 4,122
Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now

स्विटजरलैंड की पहाडि़यों से लेकर स्पेन के  समुद्रतट तक पश्चिमी यूरोप में हनीमून मनाने का अर्थ है बेहतरीन स्थापत्य, म्यूजियम व गैलरियों, सुंदर शहरों और शांत गांवों के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर रसपान करना। साथ ही यहां की कला व संस्कृति से रूबरू होना। स्विटजरलैंड के बारे में सोचते हैं तो दिमाग में कौन सी बात कौंधती है? क्या यह बेहद खूबसूरत स्वप्निल लैंडस्केप है या फिर यह फ्रांसीसी, जर्मन व इटालियन संस्कृतियों का मिश्रित संस्करण? यह एक ऐतिहासिक विरासत भी हो सकता है, मगर सर्वोपरि इसके बारे में जो बात कही जा सकती है, वह यह कि हनीमून मनाने या छुट्टियां बिताने के लिए अगर संसार में कोई सबसे अच्छी जगह हो सकती है तो वह स्विटजरलैंड है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर, ऊंची पहाडि़यों और गहरी घाटियों वाले इस देश में कई संस्कृतियों का असर एक साथ दिखता है।

हनीमून के लिए लोकप्रिय

हनीमून के लिए खास तौर से लोकप्रिय यहां की कुछ जगहों पर नजर डालना शुरू करें तो कई नाम जेहन में आते हैं। मसलन सेंट मोरिट्ज, जरमाट, इंटरलेकन और ल्यूसिरीन। यहां जाकर सचमुच धरती पर स्वर्ग की कल्पना साकार होती नजर आने लगती है। अगर आप यहां के सुंदर दृश्यों को देखने का अलौकिक आनंद उठाना चाहते हैं तो जेनेवा, ज्यूरिख, लुगानो, लोकार्नो, ल्यूसन ई, जरमाट, स्विस आल्प्स और मॉनट्रेक्स जैसी जगहों पर कुछ दिन आपको जरूर बिताने चाहिए।

प्रकृति के करीब

जरमाट  शायद देश का सबसे मशहूर जगह है, जहां प्रकृति को अपने बेहद करीब महसूस किया जा सकता है। बर्फ से ढकी वादियों में हाइकिंग, स्कीइंग, स्लेज का लुत्फ उठाया जा सकता है। ग्लेशियर्स पर स्कीइंग के लिए सर्वाधिक उपयुक्त जगह सास फी है। यहां सबसे ज्यादा दिखने वाले खेलों में कार्विग, फ्रीराइडिंग व हाफपाइपिंग हैं। आल्प्स की ऊंची पर्वत श्रृंखलाएं भी यहां के छोटे गांवों से नजर आती हैं। यहां पर्वतों के भीतर से गुजरने वाली रेलगाडि़यों व केबल कारों के जरिये पहुंचा जा सकता है। वर्बायर जरमाट से 80 मील व जेनेवा से करीब 90 मील दूर है। दुनिया भर से लोग यहां बर्फ पर स्कीइंग का मजा लेने आते हैं।

स्विटजरलैंड वह स्थान है, जहां आसमान से सूरज के साथ-साथ पर्वत भी उगा करते हैं। यहां हनीमून का मजा लेना हो तो शानदार रास्ते, मदमाता मौसम व खुशबूदार हवाएं आपकी यात्रा को बेहद रोमांचक बना देंगे। सेंट मोरिट्ज से जरमाट तक ग्लेशियर-एक्सप्रेस पर लगभग 291 पुलों व 91 सुरंगों से होते हुए और विलियम टैल-एक्सप्रेस पर ल्यूसिरीन से लोकार्नो तक की यात्रा करना बेहद खुशगवार अनुभव हो सकता है। पहले पानी के जहाज में बैठकर और फिर रेल द्वारा यात्रा का आनंद उठाया जा सकता है। स्विस ट्रेवल सिस्टम के जरिये आप पानी, सड़क व हवा तीनों में यात्रा का मजा ले सकते हैं। स्विटजरलैंड की ट्रेनें काफी सुविधाजनक, साफ-सुथरी और समय की पाबंद होती हैं। कुल मिलाकर यहां की यात्रा सुविधाएं शानदार हैं और इसमें होने वाला खर्च ब्रिटेन या जर्मनी से ज्यादा नहीं है।

आल्प्स में सूर्यास्त

स्विस आल्प्स का संसार जंगलों के सौंदर्य से भरा है। पर्वत श्रृंखलाएं यहां चार हजार मीटर से भी ज्यादा ऊंची हैं, जो आसमान में धंसती नजर आती हैं। पर्वतों से निर्झर झरते झरनों का कल-कलनाद कानों को झंकृत कर देता है। हवा में झूलते पाइन व देवदारू के पेड़ पर्वतों के नीले धरातल पर अद्भुत दृश्य पैदा  करते हैं। सुंदर रंगीन पहाड़ी फूल जहां-तहां उगकर मन को मुग्ध कर देते हैं। अल्पाइन झील का साफ-सुथरा पानी धूप में चमकता है। तैराकी के शौकीन लोगों के लिए यह जगह बेहद रोमांचक हो सकती है। इसके अलावा नौका विहार के लिए भी यह जगह उपयुक्त है। स्टीमर्स भी काफी मिलते हैं। यहां जहां कहीं भी जाएं किनारे पर एक और झील आपका इंतजार करती मिल जाती है। इनके चारों तरफ छायादार बाग-बगीचे आपको कुछ पल बैठने को अवश्य आमंत्रित करेंगे।

कला-संस्कृति व स्थापत्य

यहां के शहर काफी आधुनिक हैं। रोमन युग के चर्च, पत्थर की छतों वाले घर, बड़े फार्महाउस, रंगीन फूलों के गलीचे, जंगल, पहाड़, नदियां स्विटजरलैंड के दिल माने जाते हैं। यहां के सभी लोग आमतौर पर थोड़ी-बहुत अंग्रेजी भाषा बोल लेते हैं। इसलिए यहां भाषा के चलते होने वाली असुविधाओं का सामना आम तौर पर नहीं करना पड़ता। यहां की जमीनी विविधताएं, पहाड़ी इस देश को एक अलग पहचान देते हैं।

हालांकि यह देश मशहूर है अपने आर्थिक संस्थानों, अच्छे चीज व चॉकलेट, घडि़यों, दृश्यों और जन यातायात की बेहतरीन सुविधाओं के लिए। राजधानी बर्न इतिहासप्रेमी घुमक्कड़ों के लिए एक रोचक और  महत्वपूर्ण जगह है। बसैल शहर में खुले बाजार काफी मोहक होते हैं। स्प्लेनबर्ग में क्रिसमस हाउस काफी  मशहूर हैं। शानदार रेस्त्रां, कैफे और बिस्त्रोस-थियेटर, म्यूजिक कंसर्ट, ऑपेरा, मंस्टर कैथेड्रल, डांस, कैबरे यहां की जान माने जाते हैं। कहा जा सकता है कि यह शहर सांस्कृतिक रूप से काफी समृद्ध है।

रोमांचक खेल

हाइकर्स व पर्वतारोहियों के लिए स्विटजरलैंड छुट्टियां बिताने का रमणीक स्थल है। हालांकि यहां पल-पल बदलते मौसम के बारे में चेतावनी सुनना जरूरी होता है। इसके अलावा बर्फ पर कई तरह के खेल लोकप्रिय हैं। कई तरह के शरदकालीन खेल यहां मशहूर हैं। स्कीइंग, टोबोगानिंग, क्रॉस-कंट्री स्कीइंग,  आइस-स्के टिंग, कर्लिग आदि। यहां साइकिल वाली कई पगडंडियां भी हैं। ये साइकिलें खास तरह की ट्रेनों से यहां पहुंच सकती हैं।

यहां कई नदियां व झीलें हैं, जो मछली के शिकार के शौकीन लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। इसके लिए लाइसेंस की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा टेनिस, गोल्फ, स्क्वैश, बैडमिंटन, हैंग-ग्लाइडिंग व पैरा-ग्लाइडिंग भी यहां संभव हो सकती हैं।

हनीमूनर्स के लिए बेहतरीन स्थल

स्विटजरलैंड यूरोप के सर्वाधिक सुंदर देशों में से एक है। हनीमून का अर्थ है अपने नए साथी के साथ आरामदायक पलों की शुरुआत के लिए कोई एकांत कोना खोजना। हनीमून पर जाना हो या फिर कई साल बाद बीते दिनों की मधुर यादों को ताजा करना हो तो संसार में सबसे रोमांटिक स्थल स्विटजरलैंड हो सकता है।

Sab Kuch Gyan से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करे…

Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now
Ads
Ads
Leave A Reply

Your email address will not be published.