centered image />

भारत के 10 टॉप टेन पॉपुलर रेस्तरां – Most Popular Restaurant in India

0 1,543
Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now

खाने-पीने के शौकीनों की भारत में कमी नहीं। अगर सर्वे किया जाए तो खान-पान की सबसे ज्यादा वैराइटी भारत में ही दिखेंगी। मीठा, नमकीन,जायकेदार और मसालेदार भोजन यहां की खास पहचान है और यही कारण है कि भारत खान-पान के मामले में खास नजर से देखा जाता है। लेकिन बदलते समय के साथ-साथ भारतीय जायके के साथ यहां विदेशी जायका भी चटखारे दिला रहा है। यहां के होटलों में खाने के साथ-साथ सलीकेदार नफ्र ासत भी परोसी जाती है, जो भारतीय मेहमानवाजी का प्रतीक है। आइए नजर डालते हैं भारत के टॉप टेन जायकेदार रेस्तरांओं पर।

तंदूरी सम्राट बुखारा

दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल का बुखारा रेस्तरां भारत ही नहीं, विश्व के टॉप रेस्तरांओं में एक है। अपने लजीज तंदूरी व्यंजनों के लिए मशहूर बुखारा आम लोगों के लिए थोड़ा महंगा जरूर है, लेकिन लज्जत के शौकीनों की खास पसंद है। बड़े विदेशी मेहमान इसी रेस्तरां की लज्जत चखने के लिए विशेष तौर पर आईटीसी मोर्य होटल में ठहरते हैं। बिल क्लिंटन, जार्ज डब्ल्यू बुश के बाद राष्ट्र्रपति ओबामा का विशेष खाना भी बुखारा में ही बना। बुखारा में यूं तो बेहतरीन भारतीय और विदेशी लज्जत मिलती है, लेकिन यहां की स्पेशल दाल बुखारा के क्या कहने। सचिन तेंदुलकर जब भी दिल्ली आते हैं, यहां की स्पेशल दाल बुखारा और बटर चिकन खाना नहीं भूलते। अगर आप भी बुखारा जाने की प्लानिंग कर रहे हैं तो दाल बुखारा के साथ-साथ नार्थ इंडियन डिशेज का स्वाद लेना मत भूलिएगा।

मुंबई का कोह

अगस्त 2010 में मुंबई में खुले कोह ने भारतीय लज्जत को दुगुना कर दिया है। इसे खोला है न्यूयार्क के प्रसिद्ध शेफ इयान किट्टीचाई ने। अगर आप थाई फूड के शौकीन हैं तो कोह आपके लिए भारत की बेस्ट जगह है। ईयान अपने फू ड के लिए स्पेशल मसाले बहुत ही खास तरह से तैयार करवाते हैं। थाई के अलावा कांटिनेंटल भी यहां बहुत स्वाद बनता है। शाकाहारियों को यहां अव्वल दर्जे का शाकाहारी भोजन मिलेगा और नॉनवेज के शौकीनो के शौक भी पूरे होंगे। सचिन तेंदुलकर के साथ साथ दीपिका पादुकोण भी कोह की दीवानी हैं। क़ोह की विशेष पहचान इयान की हमाची (जापानी सफेद फिश) और सिग्नेचर चॉकलेट बेबी बेक रिब्स है। अगर आप यहां जाने की प्लानिंग कर रहे हैं तो ओवन रोस्टेड ब्रिंजल और हॉट स्टोन राइस का स्वाद लेना न भूलें।

ट्रावरटिनो

इटालियन फूड के शौकीनों के लिए जन्नत है दिल्ली का ट्रावरटिनो। दिल्ली के फेमस ओबेराय होटल का ये खास रेस्तरां अपने खास इटेलियन फूड के लिए प्रसिद्ध है। यहां वाइन और चीज की सैकड़ों वैराइटी उपलब्ध है। फोब्र्स द्वारा कराए गए सर्वे में ये रेस्तरां भारत के महंगे रेस्तरां में शरीक किया गया था। अगर आप भी यहां जाना चाह रहे हैं तो सिग्नेचर टफल डिशेज के साथ साथ रिसिटो विद फ्रेश उमबेरियन ब्लेक टफल जरूर ट्राई करें।

बंगलोर का जेन

भारतीय डिशेज के साथ साथ कांटिनेंटल डिश का सरताज है बंगलोर के लीला पैलेस का जेन। यहां जापानी, बाली, थाई, कोरियाई और सिंगापुरियन जायके आपको स्वाद से भर देंगे। यहां कोरियन कबाब और सूप के दीवानों के लिए अलग से सिटिंग की व्यवस्था है। यहां के सूप और सलाद भी बेहद फेमस हैं। अगर जा रहे हैं तो जापानी शेक जरूर पिएं।

ताज का वासाबी

मुंबई के ताज होटल का ये रेस्तरां अपने अनोखे अंदाज और जापानी स्वाद के लिए मशहूर है। यहां 1930 की जौ का मिल्कशेक भी मौजूद है। जौ के पानी से बना ये मिल्कशेक शराब से भी ज्यादा नशीला माना जाता है। वासाबी के जापानी बीयर और क्रेब समोसा बड़े मशूहर हैं। अगर तीखे के शौकीन हैं तो ग्लोबल मिक्सचर लिए गुआकेमोल पानी पूरी ट्राई कर सकते हैं।

विला 39

भारतीय शैली में सजा मुंबई का विला 39 इतालवी जायके के लिए मशहूर है। यहां थाई और जापानी फूड भी बेहद जायकेदार बनते हैं। भारतीय जायके के साथ साथ यहां सब कांटिनेंटल भी काफी स्वाद रखता है। विला 39 में मुंह का जायका बढ़ा देते हैं कि एक बार जाने पर फिर जाने का मन करता है।

करावली

बंगलोर में होटल ताज में स्थित करावली मंगलोरियन स्टाइल में सजा है और दक्षिण भारतीय जायका परोसता है। लेकिन साथ ही ये सी फूड के जायके में सरताज कहा जाता है। टाइम्स की गुड फूड की सूची में करावली का नाम शामिल है। अगर जा रहे हैं तो कोर्ड फ्राइड चिकन के साथ साथ एलेपी फिश करी का स्वाद जरूर लीजिएगा।

इटालिया

चेन्नई के पार्क होटल की शान है इटालिया। इसके जायके का अंदाज इसी बात से लग जाता है कि भारत के बेस्ट शेफ राजेश के साथ साथ बीबीसी फूड प्रोग्राम के टॉप शेफ एंटोनियो भी यहां जायका परोसते हैं। यहां जाएं तो बेक्ड अस्पेरगस, रिसोटो विद रोस्टेड चिकन और तिरामिसु का लुत्फ उठाना न भूलें।

चेन्नई का द वार्फ

चेन्नई में समुद्र किनारे बसा द वार्फ टॉप 20 एशियाई रेस्तरांओं में से एक है। यहां की खासियत है सी फूड। यहां आपकी नजरों के सामने से मछली पकड़कर उसे पकाया जाएगा। यहां साउथ इंडियन के साथ साथ कांटिनेंटल डिश भी खासी स्वाद देती हैं। अगर आप रोमांटिक डेट पर हैं तो यहां जरूर जाएं। कबाब की दर्जनों वैराइटी आपका पेट भर देंगी, लेकिन आपका मन नहीं भरेगा। शाकाहारियों के लिए कार्न कबाब की विशेष व्यवस्था है।

सकूरा

सकूरा यानी चैरी ब्लॉसम। सकूरा जापान का बेहद लोकप्रिय फूल है और इसी कारण नई दिल्ली स्थित सकूरा रेस्तरां में जापानी स्वाद प्रमुख है। जापानी व्यंजनों का स्वाद लेना है तो एक बार सकूरा जरूर जाइए। यहां आपको काइसाकी फूड का जायका मिलेगा। सकूरा विश्व के पांच जापानी रेस्तरांओं में से एक है। यहंं के शेफ भी जापानी मूल के हैं। जापानी फिश खाने की तमन्ना है तो सकूरा जाएं, क्योंकि यहां की फिश जापान से मंगाई जाती हैं। जा रहे हैं तो सासिमी और सुशी जरूर ट्राई कीजिए। सकूरा के जापानी टोफू और करी राइज भी बहुत पॉपुलर हैं। यहां का वेजिटेवल टेंपूरा शाकाहारियों को लज्जत से भरपूर कर देता है।

Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now
Ads
Ads
Leave A Reply

Your email address will not be published.