centered image />

हिमाचल : लाहौल-स्पीति और किन्नौर में ताजा बर्फबारी, शिमला में छाए बादल

0 167
Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now

शिमला, 02 दिसम्बर हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। जनजातीय जिलों लाहौल स्पीति और किन्नौर में बीती रात से रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर जारी है। दोनों जिलों के ऊंचे क्षेत्र बर्फ से लकदक हो गए हैं। कुल्लू और चम्बा जिलों की ऊंची चोटियों पर भी बर्फ गिर रही है।

राजधानी शिमला सहित मैदानी इलाकों में आसमान पर घनघोर बादलों का डेरा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में गरज के साथ तेज बारिश और पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होने की आशंका है। राज्य में छह दिसम्बर तक मौसम खराब रहेगा।

बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट से समूचा प्रदेश शीतलहर की जद में आ गया है। लाहौल-स्पीति में रात का पारा शून्य के करीब रिकॉर्ड किया गया है। लाहौल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में 4.8, मंडी में 6.1, सुंदरनगर व भुंतर में 6.5, सोलन व डलहौजी में 7, मनाली व हमीरपुर में 7.2, सराहन में 7.5, शिमला में 8, पालमपुर में 8.5, धर्मशाला में 9 और जुब्बड़हट्टी में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी शिमला में मौसम बर्फबारी के अनुकूल बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो छह दिसम्बर तक यहां मौसम का पहला हिमपात हो सकता है। सैलानी यहां बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमपात हो रहा है। अगले चार दिन तक मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहने की संभावना है। छह दिसंबर को पर्वतीय इलाकों में भारी हिमपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Himachal: Fresh snowfall in Lahaul-Spiti and Kinnaur, clouds over Shimla

Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now
Ads
Ads
Leave A Reply

Your email address will not be published.