श्रीलंका से भारत लाया जा रहा 20.2 करोड़ का सोना जब्त
तमिलनाडु के मन्नार क्षेत्र की खाड़ी में दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं से करोड़ों रुपये का सोना जब्त किया गया है। यह सफलता भारतीय तट रक्षक, राजस्व खुफिया निदेशालय और सीमा शुल्क द्वारा एक संयुक्त अभियान के माध्यम से प्राप्त की गई थी। इस दौरान करीब 32.689 किलो सोना जब्त किया गया। जब्त सोने की कीमत करीब 20.2 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह खेप श्रीलंका से भारत में तस्करी कर लाई जा रही थी।
दरअसल, डीआरआई ने श्रीलंका और भारत के बीच मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी मुहैया कराई थी। इसके बाद ही टीम बनाकर संयुक्त अभियान चलाया गया। 30 मई को, भारतीय तट रक्षक और डीआरआई ने एक संयुक्त अभियान शुरू किया। एजेंसियों के अधिकारियों ने तस्करों का पीछा किया तो उन्होंने सोना पानी में फेंक दिया। फिर गोताखोरों की मदद से इस बेशकीमती धातु को समुद्र के नीचे से निकाला गया।