कोई इस दुनिया में ऐसा भी कर सकता है ? लड़की न मिली तो इंजीनियर ने की रोबोट से शादी
अक्सर सात जन्मों के अटूट बंधन में बंधने की रस्म को विवाह या शादी के नाम से जाना जाता है। आम तौर पर एक लड़का और लड़की की आपस में शादी होती है। लेकिन अगर हम आपको यह कहे कि एक व्यक्ति ने हाल ही में एक रोबोट को अपना जीवनसाथी बनाया है। जी हां, चीन के एक इंजीनियर ने रोबोट से विधिवत शादी की है। 31 साल के जंग जियाजिया नामक इस अभियंता ने एक सादे समारोह में रोबोट से शादी की है। अब आपको इस रोबोट दुल्हन का नाम बताते हैं। यिंगिंग नामक यह महिला रोबॉट चीनी अक्षर और तस्वीरों को पहचान सकती हैं। साथ ही कुछ सामान्य शब्द भी बोल सकती है।
हालांकि अभी यह रोबोट पत्नी ज्यादा विकसित नहीं है, लेकिन जियाजिय आने वाले दिनों में इसे और भी उन्नत बनाना चाहते हैं। दरअसल रोबोट पर शोध करने वाले जंग ने एक साल पहले ही इस महिला रोबोट को बनाया है। जंग ने की माने तो अपना जीवनसाथी अपने हाथों से तैयार करने का उनका सपना आखिरकार पूरा हो गया है। जंग चाहते थे कि उनका बनाया गया यह रोबोट वास्तविक गर्लफ्रेंड की तरह की काम करे। हालांकि जंग के दोस्त बताते हैं कि जंग को कॉलेज के दिनों में एक लड़की से प्यार हो गया था। उस लड़की ने जंग के प्यार को ठुकरा दिया था।
लड़की न मिलने के कारण ही उन्होंने रोबोट से शादी की है। एक कंपनी में तीन साल काम करने वाले कंप्यूटर इंजीनियर जंग अब अपने गांव में खुद का स्टार्ट अप खोल रहे हैं। उनके स्टार्ट अप का नाम है ‘ब्रेन ऑफ थिंग्स’। उन्होंने अपनी रोबोट पत्नी को इस कंपनी का प्रवक्ता बना दिया है। एक टीवी चैनल पर उन्होंने बताया है कि वह इस रोबोट को और ज्यादा विकसित करने में लगे हुए हैं।
जंग की कोशिश है कि इस रोबोट को और ज्यादा कारगर बनाया जा सके। ताकि वह एक पत्नी की तरह घर के सारे कामकाज निपटा सके। हालांकि कई लोगों का यह भी कहना है कि जंग ने यह नकली शादी अपनी कंपनी को प्रमोट करने के लिहाज से की है। वो इसे पब्लिसिटी स्टंट मान रहे हैं। चीन के विशेषज्ञों की माने तो इस तरह के रूझान को देखते हुए तो यही लगता है कि 2050 तक इंसान और रोबोट के बीच कानूनी तौर पर मान्य विवाह होने लगेंगे।